रूठे देवताओं को मनाने की खातिर टीम तैयार

मंडी  —  लंबे अरसे से शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत न करने वाले देवी देवताओं को मनाने के लिए मेला कमेटी ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए जहां उनके कार कारिंदों से वार्तालाप किया जा रहा है, वहीं मेला कमेटी और सर्व देवता कारदार सेवा समिति के पदाधिकारी और सदस्यों देवताओं ने इन देवताओं के दर जाने की भी तैयारियां शुरू कर दी है। लंबे अरसे शिवरात्रि महोत्सव में शामिल न होने वाले देवताओं से उक्त कमेटी के सदस्य इस बार महोत्सव में शामिल होने के लिए उन्हें मनाएंगे। मंडी जिला के करीब दो दर्जन देवी देवता जो पुराने देवी देवता हैं और पंजीकृत हैं वे लंबे अरसे से महोत्सव में शिरकत नहीं कर पा रहे हैं।  इन देवताओं के शामिल न हो पाने से जहां इनके भक्तों को निराशा हाथ लग रही है वहीं हजारों लोग इनके दर्शनों से महरूम रह रहे हैं। मंडी जिला के सराजघाटी के अराध्य देवताओं में प्रमुख देवता मगरू महादेव छतरी, चपलांदू नाग, ऋषि पराशर, देवता बरनाग, देव चंडेहिया, सौंसी नारायण, काल्सा माहूंनाग, छोटी हिडि़ंबा और बड़ी हिडि़ंबा सहित दो दर्जन के करीब ऐसे पुराने देवी देवता हैं जो कि लंबे अरसे से इस देव समागम में शिरकत नहीं कर पा रहे हैं। हलांकि बताया जा रहा है कि इन देवताओं के आगमन में कई बार जहां बर्फबारी और बारिश रोड़ा बन जाती है, वहीं अन्य अड़चने भी सामने आती हैं। बताया जा रहा है कि दो दर्जन देवी देवताओं में कई देवता बहुत ही दूर दराज इलाके  से संबंधित हैं। जो अपने देवलुओं संग पैदल ही सफर करते हैं, जिससे देवलुओं को रास्ते में ठहरने की समस्या भी होती है और देवताओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती है। यदि इस बार लम्बे अरसे से शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत न करने वाले पुराने एवं पंजीकृ त देवता शिरकत करते हैं तो शिवरात्रि महोत्सव की गरिमा भी बढ़ेगी और इनके श्रद्धालुओं की मन्नत भी पूरी होगी। उधर, सर्वदेवता कारदार सेवा समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा ने कहा कि जो पुराने और पंजीकृत देवी देवता शिवरात्रि में लंबे अरसे से शिरकत नहीं कर रहे हैं उन्हें मनाने के लिए समिति और मेला कमेटी की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे सभी देवताओं के कारदारों से वार्तालाप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समिति देवताओं को इस देव समागम में शामिल होने के लिए मनाएगी। बहरहाल समिति के इस पहल से जहां रूठे देवताओं को शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, वहीं लोगों ने इस कार्य को सराहा है।

VIA DivyaHimachal

You may also like...