माधोराय के दरबार आने लगे देवता
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने को जिला के दूरदराज क्षेत्रों के देवी देवता अपने मूल स्थान से रवाना हो गए हैं। आधा दर्जन से अधिक देवता समारोह में शामिल होने के लिए छोटी काशी की ओर चल पडे़ हैं। इसके साथ ही दर्जनों देवी देवता बुधवार को अपने मूल स्थान से रवाना होंगे। देवताओं के कामी धामी इसके लिए तैयारियों में जुट गए हैं। जिला की सराज, उतरशाल, चौहार, नाचन और बल्ह घाटी के देवताओं के कामीधामी महोत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं। उक्त इलाकों में जहां देवताओं के देव रथों को सजाया जा रहा है। वहीं देव कमेटियां बैठकों और देवताओं को समारोह में ले जाने के लिए तैयारियों में पूरी तरह से जुटे हुए हैं। मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग जी महोत्सव में शिरकत करने को गत सप्ताह से अपने मूल स्थान से रवाना हो गए हैं, जो कि आजकल बल्ह इलाके में पहुंचे हैं। मंगलवार को भी देव कमरूनाग के स्वागत में जगह जगह देवलुओं द्वारा विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान देवता के दरबार में सैकड़ों भक्तजनों ने शीश नवाज देव आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान देव बड़ा देव कमरूनाग जी ने अपने भक्तजनों की समस्या सुनते हुए उन्हें सुख समृद्धि का आशीर्वाद दिया। उधर सराजघाटी के आराध्य देवता खुडडी जहल, देव छांजणू, देव छमांहू, देव सुखदेव ऋषि हणोगी, देव शैटीनाग, देव हुरंग नारायण देव बुढ़ा बिंगल, देव गलू का गहरी, देव पशाकोट सहित अन्य देवी देवता आपने पूरे लावलश्कर के साथ छोटी काशी की ओर रवाना हो गए हैं। वहीं देव समागम में भाग शरीक होने को बुधवार को सराज, चौहार और उतरशाल क्षेत्र के देवी देवता आपने समस्त देवनिशानों और देवलुआें संग रवाना होंगे। बुधवार को सराज के बड़ा देव विष्णु नारायण मतलोड़ा, देवी देओल, देव चुंजवाला ऋषि, देव बिट्ठू नारायण, देव खुडडी जहल कुल्थणी, देव गर्ल शिव, देवी बगलामुखी, देवी बुढ़ी भैरवा, देव बालाटीका गवाली, देव बनियूरी सहित अन्य देवी देवता अपने हार हारियानों संग रवाना होंगे।
Source: Divya Himachal Wesbsite