आज पहुंचेंगे कमरूनाग समेत सात देवी देवता
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की शोभा बढ़ाने के लिए देव कमरूनाग आज छोटी काशी में पहुंचेंगे। बड़ा देव के नाम से मशहूर कमरुनाग के अलावा सात अन्य देवता भी शिवरात्रि की शोभा बढ़ाने के लिए सोमवार को मंडी शहर में पहुंचेंगे। शहर के प्रवेश द्वार पुलघराट, विक्टोरिया पुल तथा गुरुद्वारा के निकट देवी देवताओं का स्वागत किया जाएगा। इसके लिए स्वागत कमेटियों का गठन कर लिया गया है। देवी देवताओं का स्वागत पारंपरिक तरीके से किया जाएगा। जनपद के आराध्य देव कमरुनाग बल्ह घाटी के नलसर और घट्टा में सुख समृद्धि का आशीर्वाद देते हुए मंडी रियासत की सीमा गुटकर में पहुंच गए है। रविवार को बड़ा देओ कमरुनाग और उनके साथ पहुंचे कारकून और बजंतरी गुटकर में ही रात्रि ठहराव करेंगे। सोमवार को सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष की अगुवाई में बड़ा देव कमरुनाग का पुलघराट में भव्य स्वागत किया जाएगा।
देवी बगलामुखी पहुंचेगी आज
बड़ा देव के अलावा सोमवार को शिवरात्रि में पहुंचने वाले देवी देवताओं में थड़ी सुखदेव भडग्यांर, घगांढू देव, देवी बगलामुखी, बुढी भैरवा, बुढा बिंगल, झाधीं वीर शामिल है।
हुरंगनारायण, पशाकोट, मगरुमहादेव पहुंचेंगे कल
मंगलवार को मगरुमहादेव, देव पशाकोट, हुरंग नारायण, मांहू नाग, घरौणी नारायण, शेषनाग टेपर तथा जलौणी गणपति मंडी शहर में पहुंचेंगे।
सर्व देवता कमेटी ने किया स्वागत
सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष पंडित शिव पाल शर्मा की अगुवाई में रविवार को कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बल्ह घाटी के नलसर और घट्टा में देव कमरुनाग का स्वागत किया। उन्होंने देवता से शिवरात्रि केसफल आयोजन के साथ साथ समूचे क्षेत्र के लोगों के लिए सुख और समृद्धि की कामना भी की है।